टीवी सीरियल क्राइम पेट्रोल देखकर दोस्तों ने दोस्त की रची हत्या की साजिश

 


कानपुर। जनपद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दोस्तों ने अपने दोस्त की ही हत्या कर ऐसी वारदात को अंजाम दिया जिसे सुनकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे। दोस्तों ने फिरौती के लिए घर बुलाकर तीसरे दोस्त की बांके से गला काटकर हत्या कर दी। शव को उसी की बाइक से ले जाकर नदी किनारे छिपा दिया। पुलिस ने खुलासा करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कानपुर जिले के बर्रा निवासी विनय को शैलेश नाथ ने अर्श के मोबाइल से फोन करके अपने घर बुलाया। इसके बाद तीनों ने बैठकर शराब पी और फिर लूडो खेला। इसके बाद शैलेश और अर्श ने मिलकर विनय की बांके से गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। 

पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि, टीवी सीरियल क्राइम पेट्रोल देखकर हत्या की साजिश रची। बर्रा थाना प्रभारी हरमीत सिंह ने बताया कि, घटना के वक्त शीला देवी पहली मंजिल पर थीं। नीचे कमरे में शैलेश अपने दोस्त अर्श व विनय के साथ पार्टी कर रहे थे। कमरे से चीख पुकार की आवाज से उन्हें लगा कि, दोस्तों में झगड़ा हुआ है। इसके बाद शैलेश व अर्श को कंबल में कुछ लपेट कर एक बाइक से जाते देखा। इस पर वह पास में रहने वाले देवर आनंद के साथ गुजैनी पुलिस चौकी पहुंचीं और घर में अनहोनी की आशंका व्यक्त की। 

शव को ठिकाने लगाने के बाद शैलेश व अर्श खून से सने कपड़ों को बदलने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने घर पर दबिश देकर दोनों को धर दबोचा। आरोपी फिरौती के लिए विनय के मोबाइल का इस्तेमाल करने वाले थे, जिससे पुलिस ने बरामद कर लिया है। 

मामले में एसपी साउथ दीपक भूकर ने खुलासा करते हुए बताया कि, विनय और शैलेश अक्सर साथ खाते-पीते थे। शैलेश के दोस्त अर्श से भी विनय की पहचान थी। दोनों को ये पता था कि, विनय की आर्थिक अच्छी है। 27 अप्रैल को विनय की छोटी बहन रीता की शादी है। जिसके लिए पैसे इकट्ठा किए गए थे। इसकी भनक लगने से शैलेश के मन में लालच आ गया। शुक्रवार सुबह 11 बजे अर्श के साथ मिलकर शाम को दारू पार्टी के बहाने घर बुलाकर विनय की हत्या और परिजनों से फिरौती मांगने की साजिश रच डाली।

एसपी ने खुलासा करते हुए बताया कि, आरोपियों ने कबूला है। पुलिस महज तीन घंटे के अंदर घटना का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 



Previous article
Next article

Ads Post 2

Ads Post 3