वाट्सएप पर शायरी का स्ट्‌टेस लगाकर फंदे से लटकी विवाहिता, जांच में जुटी पुलिस



आगरा: थाना सिकंदरा अंतर्गत लवकुश विहार कालोनी में एक महिला का शव फंदे पर लटका मिला। महिला ने मरने से पहले अपने वाट्सएप पर शायरी का स्ट्‌टेस लगाया था, जिसमें लिखा था कि हमपे बीता तब हमने जाना कि इंसान पंखे से क्यों लटक जाता है। पुलिस की शुरुआती जांच घर में झगड़े के बाद आत्महत्या करने का इशारा कर रही है।

पुलिस ने बताया कि इटावा के नौरंगाबाद निवासी पूजा शर्मा की 2016 में लवकुश विहार निवासी दीपक शर्मा से शादी हुई थी। उनका 5 साल का बेटा भी है। दीपक दिल्ली में नौकरी करता है। हाल में घर आया है। शनिवार रात को परिवार के लोग खाना खाने के बाद आपस में बात कर रहे थे। पूजा पहली मंजिल पर अपने कमरे में चली गई। रात को दीपक जब कमरे में गया तो दरवाजा अंदर से बंद था।

दीपक ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन पूजा ने कोई रेस्पांस नहीं दिया। दरवाजा खटखटाने की आवाज सुनकर नीचे से परिजन भी आ गए। दीपक ने पूजा के मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद खिड़की से देखा तो पूजा पंखे से बंधे फंदे पर लटकी हुई थी। दीपक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। सूचना पर पूजा के मायका पक्ष के लोग भी आ गए। पुलिस जांच में जुट गई है।  

Previous article
Next article

Ads Post 2

Ads Post 3