बांसडीह तहसील के लेखपाल अपने संगठन की शक्ति की आड़ में उन्मत्त होकर शासन के नियमों के विरुद्ध कर रहे हैं कार्यः प्रतुल



बलिया। बांसडीह तहसील में लेखपालों की मनमानी व आम आदमी से लेकर किसानों के साथ दबंगई के विरोध में शनिवार को बांसडीह तहसील के भाजपा कार्यकर्ता तहसील में लेखपालों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर धरने पर बैठ गये। इस दौरान पूरे तहसील में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जमकर नारेबाजी और कारवाई की मांग की जाती रही। 

इसे लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसडीएम बांसडीह राजेश गुप्ता को पत्रक सौंप कर मांग करते हुए कहा कि शुक्रवार को लेखपालों द्वारा करम्मर निवासी किसान राजेश सिंह के साथ मारपीट कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। प्रशासन तत्काल इस मुकदमे को वापस ले। बांसडीह तहसील में वर्षों से जमे लेखपालों का स्थानांतरण किया जाये। किसानों व काश्तकारों से की जा रही अवैध वसूली बंद की जाये। तहसील पर नियमित रूप से लेखपालों को उपस्थित रहने के निर्देश दिये जायें। 

इस दौरान धरनारत भाजपा कार्यकर्ताओं व उपस्थित आमजन को संबोधित करते हुए भाजपा बांसडीह मंडल अध्यक्ष प्रतुल ओझा ने कहा की बांसडीह तहसील के लेखपाल अपने संगठन की शक्ति की आड़ में उन्मत्त होकर शासन के नियमों के विरुद्ध कार्य कर रहें हैं। इनके द्वारा आये दिन क्षेत्र के किसानों के साथ दुर्व्यवहार करने के साथ छोटे छोटे राजस्व संबंधी कार्यों को लेकर किसानों व काश्तकारों से खुलेआम अवैध वसूली की जा रही है। जो किसी से भी छुपी नही है। इसका जीवंत प्रमाण कुछ दिन पूर्व ही तहसील में दिखायी दिया जब आजमगढ़ की एंटी करप्शन की टीम ने स्थानीय लेखपाल नवनीत खरवार को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। 

इसके बावजूद लेखपालों के रवैये में कोई बदलाव नही आ रहा है। इनकी इस कार्यप्रणाली में इन्हें उच्चाधिकारियों का भी सहयोग मिल रहा है। जो किसी भी तरह से क्षम्य नही है। इनके द्वारा भ्रष्टाचार से लेकर मनमानी व दबंगई की सीमा को लांघ दिया गया है। यदि इनके खिलाफ कार्रवाई नही हुई तो आंदोलन को और तीव्र कर दिया जाएगा। 

एसडीएम ने मांगो को पूरा करने का दिया आश्वासन 

धरनारत भाजपा कार्यकर्ताओं से वार्ता करने शाम को पंहुचे एसडीएम ने उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। इस क्रम में लेखपाल राजेश राम पर मुकदमा दर्ज करने के क्रम में पीड़ित किसान का शाम को मेडिकल कराया गया। साथ ही संबंधित लेखपाल पर विभागीय कार्रवाई के लिये नायब तहसीलदार के नेतृत्व में जांच कमेटी बनाकर कारवाई का आश्वासन दिया गया। इसके बाद धरनारत भाजपा कार्यकर्ता धरने से उठे। इस पूरे प्रकरण को लेकर तहसील में दिन भर हंगामे के माहौल बना रहा।

Previous article
Next article

Ads Post 2

Ads Post 3