भाजपा ने दारा सिंह चौहान को बनाया उम्मीदवार
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान को राज्य विधान परिषद के उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। वह हाल ही में हुए विधानसभा उपचुनाव में हार गए थे। भाजपा की ओर से मंगलवार को जारी बयान में कहा गया कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने दारा सिंह चौहान के नाम को स्वीकृति दी है।
दारा सिंह वर्ष 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में घोसी से विधायक चुने गए थे। मगर, पिछले साल भाजपा में शामिल होने के लिए उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वहां हुए उपचुनाव में वह भाजपा उम्मीदवार के रूप में
मैदान में उतरे, लेकिन समाजवादी पार्टी के सुधाकर सिंह से हार गए। सपा में शामिल होने से पहले दारा सिंह भाजपा में ही थे। वह अत्यंत पिछड़ी जाति से आते हैं। वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहली सरकार में मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत बसपा से की थी। वर्ष 1996 में बसपा के टिकट पर दारा सिंह चौहान राज्यसभा पहुंचे थे। राज्यसभा का कार्यकाल पूरा होते-होते उन्होंने सपा का दामन थाम लिया। उसके बाद सपा ने वर्ष 2000 में दारा सिंह को राज्यसभा भेजा। 2007 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने एक बार फिर पलटी मारी। बसपा का दामन थामने के बाद उन्होंने 2009 में घोसी लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की। 2014 में केंद्र की सत्ता पर भाजपा का कब्जा हो गया। केंद्र में राजग की सरकार बनने पर दारा सिंह ने बसपा छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया।