राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य और उनकी बेटी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट
लखनऊ। राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य और उनकी बेटी संघमित्रा समेत 5 लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ है। सभी को गुरुवार 4 अप्रैल को लखनऊ की MP-MLA कोर्ट में पेश होना था। मगर पेश नहीं हुए। इसके बाद कोर्ट ने गिरफ्तार वारंट जारी कर दिया। मामला 2021 का है।
संघमित्रा मौर्य को धोखाधड़ी और बगैर तलाक के दूसरी शादी के मामले तलब किया था। इसके साथ ही कोर्ट ने उनके पिता स्वामी प्रसाद मौर्य, मां शिवा मौर्य, भाई उत्कृष्ट मौर्य, नीरज तिवारी, सूर्य प्रकाश शुक्ला उर्फ पिंटू शुक्ला और रितिक सिंह को मारपीट, जान से मारने की धमकी देने, साजिश की धाराओं का आरोपी बनाते हुए समन जारी किया था।
सभी को 6 जनवरी 2024 को पेश होना था। मगर पेश नहीं हुए। इसके बाद कोर्ट ने 4 अप्रैल की तारीख लगा दी थी। आज कोर्ट में सुनवाई हुई। लेकिन आज भी कोई पेश नहीं हुआ। इसके बाद कोर्ट ने वारंट जारी किया है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 16 अप्रैल को होगी।