अप्रैल के महीने में ही भीषण गर्मी ने तोड़ दिया है रिकॉर्ड



बलिया। अप्रैल के महीने में ही भीषण गर्मी ने रिकार्ड तोड़ दिया है। हर साल 39 डिग्री सेल्सियस तापमान रहता था। इस बार 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तापमान है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अप्रैल के बाद मई में और भीषण लू चलनी शुरू हो जाएगी। जिले में भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। दोपहर से लेकर शाम तक लू चलने से सड़क पर निकलना मुश्किल हो रहा है। धूप और लू के थपेड़ों से बचने के लिए लोगों को मुंह पर कपड़ा बांधना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी इन समय स्कूली बच्चों को हो रही है जो तपती दोपहरी में स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौटते हैं। गर्मी अब धीरे-धीरे चरम पर पहुंचने लगी है। हर दिन तापमान में बढ़त हो रही है। पहले अधिकतम तापमान में बढ़त रही तो अब न्यूनतम तापमान भी बढ़ रहा है जिससे रात में भी सुकून मिलना खत्म हो रहा है। सुबह से लेकर रात तक गर्मी ने लोगों को हिलाकर रख दिया है। भोर पहर ही राहत रहती है और उसके बाद पूरे दिन गर्मी से लोगों का आमना-सामना होता रहता है। शुक्रवार सुबह से तेज धूप निकली। बदली न होने से धूप बहुत तल्ख रही। हाल यह रहा कि सुबह नौ बजे से ही गर्म हवा चलने लगी जिससे लोगों को छांव और पानी का सहारा लेना पड़ा। दोपहर में तीन किमी. प्रतिघंटा की रफ्तार से लू चली। इससे सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। बाजारों में भी दोपहर के समय सन्नाटा रहा। दुकानें दोपहर के समय बंद रहीं। 

Previous article
Next article

Ads Post 2

Ads Post 3