बलिया में यूपी-बिहार बॉर्डर पर पुलिसवाले ही कर रहे थे अवैध वसूली



बलिया। यूपी-बिहार बॉर्डर पर पुलिसवाले ही अवैध वसूली कर रहे थे। ये पैसे लेकर शराब, मवेशी और बालू लदे ट्रकों को बॉर्डर पार कराते थे। इनपुट के आधार पर ADG वाराणसी पीयूष मोर्डिया ने STF टीम के साथ सिविल ड्रेस में छापा मारा।

ADG बुधवार रात 12 बजे पहुंचे। उन्होंने 3 पुलिसकर्मियों सहित 20 लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया। नरही थानाध्यक्ष और कई पुलिसवाले मौके से फरार हो गए। ADG ने तत्काल एक्शन लेते हुए कोरंटाडीह चौकी के सभी 7 पुलिसकर्मियों और थानाध्यक्ष नरही पन्ने लाल को सस्पेंड कर दिया।

साथ ही इनके खिलाफ वहीं एफआईआर दर्ज हुई, जहां से ड्यूटी करते थे। पूरा मामला भरौली बिहार-यूपी बॉर्डर का है। डीआईजी आजमगढ़ वैभव कृष्ण ने बताया- इस एंट्री-एग्जिट पाॅइंट से रोजाना रात में 1000 ट्रक गुजरते हैं। पुलिस वाले हर ट्रक से 500 रुपए की वसूली करते थे। हर रोज करीब 5 लाख की वसूली थी। 

डीआईजी आजमगढ़ वैभव कृष्ण ने बताया- कुछ समय से हमें सूचना मिल रही थी कि नरही क्षेत्र के भरौली तिराहे पर यूपी-बिहार के एंट्री-एग्जिट पॉइंट पर ट्रकों से अवैध वसूली चल रही है। इसके बाद एडीजी जोन वाराणसी और मैंने सिविल ड्रेस में यहां की रेकी की। इसके बाद अच्छे से प्लान करके बुधवार देर रात रेड डाली गई।

वैभव कृष्ण ने बताया- अधिकारियों की टीम जब भरौली तिराहे पर पहुंची तो वहां 2 पुलिसकर्मी अवैध वसूली कर रहे थे। टीम ने उन्हें हिरासत में लिया। 3 पुलिसकर्मी मौके से फरार हो गए। 

इसके बाद टीम भरौली तिराहे के आगे कोरंटाडीह चौकी पर पहुंची। चौकी के पुलिसकर्मी भी यहां अवैध वसूली कर रहे थे। यहां से एसटीएफ की टीम ने एक सिपाही और एक स्थानीय युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि कुछ पुलिसकर्मी फरार हो गए। STF की टीम ने कुल मिलाकर 17 सिविलियन और 3 पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है।

टीम को पुलिसकर्मियों के पास से 37500 रुपए मिले हैं। 14 बाइक भी बरामद हुए हैं। गुरुवार सुबह सभी आरोपियों को बॉर्डर से कैदी वाहन में नरही थाने पर लाया गया। टीम ने 50 मोबाइल और वसूली रजिस्टर जब्त किया गया है। SO के सरकारी आवास को भी सील कर दिया गया।

यहां तस्करी के ट्रकों से अवैध वसूली के कारण बलिया से गाजीपुर के पूर्वांचल एक्सप्रेस वे तक 18 किमी जाम लगता था। शिकायत यह भी थी कि पुलिस ने वसूली के लिए यहां निजी लोगों को कमीशन पर लगा रखा था। फिलहाल हिरासत में लिए पुलिसकर्मियों से पूछताछ जारी है। 

Previous article
Next article

Ads Post 2

Ads Post 3